कालाजार उन्मूलन की दिशा में बड़ी पहल, WHO की राष्ट्रीय समन्वयक ने सीतामढ़ी में किया निरीक्षण.

सीतामढ़ी। कालाजार उन्मूलन (Kala-azar Elimination) के लक्ष्य को लेकर तैयार किए जा रहे डोजियर (Dossier) की प्रगति की समीक्षा हेतु विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के राष्ट्रीय कार्यालय से डॉ. पालिका सिंह (नेशनल को-ऑर्डिनेटर, कालाजार) ने सीतामढ़ी जिला का दौरा किया।
इस दौरान सिविल सर्जन, जिला VBD नियंत्रण पदाधिकारी (DVBDCO) एवं WHO की टीम ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। दौरे के क्रम में टीम द्वारा जिला वेक्टर बॉर्न डिजीज (VBD) नियंत्रण कार्यालय, सदर अस्पताल सीतामढ़ी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सुरसंड का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कालाजार उन्मूलन से संबंधित अभिलेखों, सर्विलांस डेटा, केस मैनेजमेंट, वेक्टर कंट्रोल गतिविधियों, IEC/BCC कार्यों एवं रिपोर्टिंग प्रणाली की गहन समीक्षा की गई। टीम ने डोजियर की गुणवत्ता, डेटा की पूर्णता एवं साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार एवं जिला VBD नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. यादव ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कालाजार एलिमिनेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए फील्ड स्तर पर सतत निगरानी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार तथा सटीक दस्तावेजीकरण अत्यंत आवश्यक है। WHO की टीम ने जिले द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कुछ तकनीकी सुझाव भी दिए, जिससे डोजियर को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

इस अवसर पर जिला VBD नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. आर.के. यादव, प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. अजीत कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुरसंड डॉ. आर.के. सिंह, VDCO प्रिंस एवं पवन, WHO की जोनल कॉर्डिनेटर डॉ. माधुरी देवराजो, पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार, जिला लीड रोहित कुमार, PO-CD विक्रम कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रखंड प्रमुख चंदन कुमार, बघारी पंचायत के मुखिया पद्मराज भारद्वाज तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने WHO एवं पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से कालाजार उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इस दिशा में सभी आवश्यक कदम पूरी तत्परता से उठाए जाते रहेंगे।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
For Ads.

