जनता दरबार में सख्त एसपी अमित रंजन, बैरगनिया थाना में फरियादियों की समस्याओं पर तुरंत एक्शन के निर्देश.

सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन की अध्यक्षता में रविवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से पहुँचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएँ सीधे एसपी के समक्ष रखीं।
भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, लंबित मामलों एवं पुलिस से संबंधित शिकायतों को एसपी ने गंभीरता से सुना। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी अमित रंजन ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखा जाए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं का समाधान एक ही मंच पर करना है। जनता दरबार में मौजूद फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा सीधे उनकी समस्याएँ सुने जाने पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होने की बात कही जा रही है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
