सीतामढ़ी: अपराध नियंत्रण और पुलिस अंचल पुनर्गठन पर एसपी अमित रंजन के सख्त निर्देश

सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन की अध्यक्षता में रविवार को सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं अंचल निरीक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आलोक में पुलिस अंचलों के पुनर्गठन से संबंधित आवश्यक सूचनाओं एवं दस्तावेजों की गहन समीक्षा की गई।
इस दौरान एसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा लंबित मामलों के अनुसंधान की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी पुलिस अंचल अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ रखें और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि अनुसंधान की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन करने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अंचलों के पुनर्गठन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई, ताकि भविष्य में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सके।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
