14 करोड़ से ज्यादा यूजर्स के पासवर्ड लीक,Gmail–Facebook–Instagram समेत बड़े प्लेटफॉर्म खतरे में
इंटरनेट यूजर्स के लिए एक बेहद गंभीर और डराने वाली खबर सामने आई है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार करीब 14 करोड़ से ज्यादा यूजरनेम और पासवर्ड लीक हो चुके हैं। इस बड़े डेटा ब्रीच की चपेट में Gmail, Facebook, Instagram, Netflix जैसे दुनिया के बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म आ गए हैं। इस खुलासे के बाद ऑनलाइन सिक्योरिटी को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
इस डेटा लीक का खुलासा मशहूर साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर जेरेमिया फाउलर ने किया है। उन्होंने बताया कि करीब 96GB का बेहद संवेदनशील डेटा इंटरनेट पर बिना किसी पासवर्ड या एन्क्रिप्शन के खुले में मौजूद था। हैरानी की बात यह है कि यह डेटा किसी हैकर द्वारा जानबूझकर अपलोड नहीं किया गया, बल्कि एक गलत तरीके से कॉन्फिगर किए गए डेटाबेस के कारण लीक हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक यह जानकारी एक खतरनाक मैलवेयर के जरिए चुराई गई थी, जो यूजर्स के डिवाइस से लॉगिन डिटेल्स निकाल लेता है। जब तक होस्टिंग प्रोवाइडर ने इस डेटाबेस को हटाया, तब तक इसमें लगातार नए यूजर्स का डेटा जुड़ता रहा।

लीक हुए डेटा में Gmail, Yahoo और Outlook जैसी ईमेल सेवाओं के साथ Facebook, Instagram, TikTok, X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और Netflix, Disney Plus जैसे एंटरटेनमेंट ऐप्स शामिल हैं। यहां तक कि कुछ सरकारी लॉगिन डिटेल्स और OnlyFans अकाउंट्स भी प्रभावित बताए जा रहे हैं।
साइबर एक्सपर्ट्स ने यूजर्स को तुरंत अपने पासवर्ड बदलने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऑन करने और संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सलाह दी है।
