बागमती नदी पर बनेगा नया रेल पुल, चंपारण–शिवहर–सीतामढ़ी की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
बिहार में रेल नेटवर्क को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। बागमती नदी पर नया हाई-लेवल रेलवे पुल बनने जा रहा है, जिससे पूर्वी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी जिलों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। यह पुल सीतामढ़ी–शिवहर–मोतिहारी रेलखंड का अहम हिस्सा होगा, जिसका लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
रेलवे विभाग ने शिवहर में बागमती नदी पर बनने वाले इस पुल के निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। प्रस्तावित पुल 61 मीटर लंबा और लगभग 9 मीटर चौड़ा होगा, जिसे दो रेल ट्रैक के लिए डिजाइन किया गया है। यह इस रेलखंड का सबसे बड़ा पुल होगा। परियोजना पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इस नई रेल लाइन के तहत पहले चरण में सीतामढ़ी से शिवहर तक लगभग 28 किलोमीटर और दूसरे चरण में शिवहर से मोतिहारी तक करीब 51 किलोमीटर रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके पूरा होने से यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई भी आसान होगी।

स्थानीय लोगों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस रेल परियोजना से शिवहर स्टेशन और आसपास के इलाकों जैसे मीनापुर प्रखंड, सिवाईपट्टी, तुर्की, बेलहिया लच्छी, चतुरसी और बनघारा सहित करीब 5 लाख से ज्यादा आबादी को सीधा फायदा मिलेगा। अभी लोगों को रेल यात्रा के लिए 10–12 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, लेकिन नए पुल और रेल लाइन से यात्रा आसान और समय की बचत होगी।
यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक विकास और रोजगार के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
