बारा गांव में दस दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत, पहले मैच में मेजबान टीम की शानदार जीत
सीतामढ़ी। सुरसंड प्रखंड के बघारी पंचायत अंतर्गत बारा गांव स्थित खेल मैदान में बजरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में दस दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान बारा की टीम और बासोपट्टी की टीम के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें बारा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुरसंड नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की और आयोजन समिति को इस तरह के खेल आयोजन के लिए बधाई दी।
मैच में टॉस जीतकर बारा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बासोपट्टी की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए सभी 10 विकेट खोकर 150 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारा की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मेजबान टीम की इस जीत से मैदान में मौजूद दर्शकों और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों के अलावा कुणाल झा, सरोज कुमार, रूपेश कुमार और शाकिर अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
