बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा: देर से पहुंचे छात्रों को नहीं मिली एंट्री, अप्रैल में मिलेगा दोबारा मौका
Oplus_16908288
पटना। बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले दिन राज्य के कई परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। समय से देरी से पहुंचने के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही गेट बंद कर दिए गए थे।
पटना के बख्तियारपुर और सहरसा समेत कई जिलों से ऐसे दृश्य सामने आए, जहां छात्र परीक्षा देने के लिए गेट फांदते और दीवार चढ़ते नजर आए। इस दौरान कुछ छात्रों को हल्की चोटें भी आईं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से केंद्रों पर तैनात कर्मियों ने किसी को भी नियम तोड़कर अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों की परीक्षा किसी भी कारण से छूट गई है या जिन्हें पहले दिन परीक्षा से निष्कासित किया गया है, उन्हें अप्रैल माह में आयोजित होने वाली विशेष परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
ऐसे छात्रों का परिणाम भी बाद में जारी किया जाएगा।
वहीं, नकल और अनुशासनहीनता के मामलों में पहले दिन राज्यभर में 26 छात्र-छात्राओं को परीक्षा से निष्कासित किया गया है। शेखपुरा में एक छात्र को दूसरे की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया, जबकि पटना में किसी छात्र के निष्कासन की सूचना नहीं है।
बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि आगे की परीक्षाओं में समय से पहले केंद्र पर पहुंचें और नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

