बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर: नए साल की शुरुआत के साथ 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट.

Weather: नए साल की शुरुआत बिहारवासियों के लिए राहत नहीं, बल्कि कड़ाके की ठंड लेकर आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 25 जिलों में शीत लहर, सर्द दिन और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 जनवरी तक ठंड से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है।
पिछले कुछ दिनों से बिहार में तापमान लगातार गिर रहा है। गया, रोहतास समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 7–8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में पारा 5 डिग्री तक पहुंच गया है। राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिससे दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण पूरे राज्य में घना कोहरा छाया हुआ है। कई इलाकों में पिछले एक हफ्ते से धूप नहीं निकली है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय दृश्यता बेहद कम होने से सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
भीषण ठंड का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह-शाम सड़कें और बाजार सूने नजर आ रहे हैं। गरीब और बेघर लोग ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, जबकि लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
ठंड और कोहरे से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। रबी फसलों पर इसका नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है। विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है।
ठंड को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पटना सहित कुछ जिलों में कक्षा 8 तक के स्कूल 2 जनवरी तक बंद रहेंगे। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी छुट्टी बढ़ाई जा सकती है।
