बिहार में ठंड का कहर जारी, अगले पांच दिनों तक घना कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट

0

Weather alert: राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम का मिजाज फिलहाल राहत देने वाला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है।


मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बर्फीली पछुआ हवाओं के प्रभाव से तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा।


कई जिलों में जम्मू से भी कम रहा तापमान
लगातार दूसरे दिन बिहार के कई जिलों में न्यूनतम तापमान जम्मू से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को जम्मू का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भागलपुर के सबौर में सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गया, शेखपुरा, किशनगंज, छपरा और पूर्णिया जैसे जिलों में भी तापमान काफी नीचे चला गया, जिससे लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ा।


अधिकतम तापमान में भी गिरावट, दिनभर ठंड का असर
राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री गिरकर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मोतिहारी में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।


घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित
सुबह के समय राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहा। पटना, भागलपुर और पूर्णिया में दृश्यता घटकर 100 मीटर तक रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।


धूप निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं
दिन में कुछ जगहों पर धूप जरूर दिखाई दी, लेकिन तेज पछुआ हवाओं के कारण ठंड बनी रही। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण लोगों को दिनभर कनकनी महसूस होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed