बिहार में ठंड का कहर: 4.6 डिग्री तक गिरा तापमान, अगले तीन दिन और बढ़ेगी ठिठुरन; इन जिलों में अलर्ट जारी

WeatherAlert: बिहार में ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
डॉक्टरों का कहना है कि ठंड में खाली पेट बाहर न निकलें, पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें और दिल के मरीज अपनी दवाओं की इमरजेंसी किट हमेशा साथ रखें, क्योंकि ठंड में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।
राज्य के भागलपुर, गया, नालंदा, सीवान, समस्तीपुर समेत कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा है। भागलपुर के सबौर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। गया में तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। पटना और पूर्णिया में सुबह धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण लोग बाहर निकलने से बचते दिखे।
मौसम विभाग ने गया, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, पश्चिम व पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिरने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से सुबह-शाम सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

For Advertisement
