चलती ट्रेन में फर्जी टीटी का भंडाफोड़, यात्रियों से कर रहा था अवैध वसूली

सीतामढ़ी। समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत 4 जनवरी 2026 को चलती ट्रेन गाड़ी संख्या 12578 के सामान्य कोच में एक फर्जी टिकट निरीक्षक को पकड़े जाने का मामला सामने आया है। आरोपी स्वयं को टीटी बताकर यात्रियों के टिकट की जांच कर रहा था और बिना टिकट यात्रियों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहा था। यात्रियों को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात वास्तविक टिकट निरीक्षक को इसकी सूचना दी।
जांच के दौरान उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम हर्षवर्धन भारद्वाज उर्फ चुलबुल (उम्र लगभग 43 वर्ष), निवासी तेघड़ा (बेगूसराय) बताया। आरोपी कोई भी वैध पहचान पत्र या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ के दौरान उसने अनधिकृत रूप से टिकट जांच करने और अवैध वसूली की बात स्वीकार कर ली। ट्रेन के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचते ही आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया गया। इसके बाद उसे GRP समस्तीपुर को सौंपते हुए विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति टिकट जांच करता दिखाई दे, तो तुरंत अधिकृत टीटी, RPF या GRP को सूचित करें, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
