शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन अलर्ट डीएम रिची पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में अलाव की मुकम्मल व्यवस्था.

सीतामढ़ी। जिले में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आमजन, विशेषकर जरूरतमंद, असहाय एवं सड़क पर रहने वाले लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रिची पांडेय के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र सहित जिले के सभी नगर निकायों, प्रखंड मुख्यालयों एवं अंचलों में अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ठंड से बचाव के लिए यह व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी। निर्देशानुसार नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास अधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा चिन्हित सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से अलाव जलाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को शीतलहर से राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि शीतलहर की तीव्रता को देखते हुए अलाव जलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही नगर निगम एवं सभी अंचलों को प्रतिदिन किए गए कार्यों का अद्यतन प्रतिवेदन जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है, ताकि व्यवस्था की सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन की इस पहल से ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
