सोशल मीडिया पर देसी पिस्टल लहराना युवक को पड़ा भारी, बोखड़ा थाना पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार.

सीतामढ़ी। सीतामढ़ी। जिले में सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करना एक युवक को महंगा पड़ गया। बोखड़ा थाना क्षेत्र में वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक देसी पिस्टल लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के संज्ञान में आते ही बोखड़ा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान थाना क्षेत्र के नया टोला गांव निवासी श्रवण कुमार, पिता फकीरा यादव के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है और इससे समाज में भय का माहौल उत्पन्न हो सकता है।
बोखड़ा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को हथियार कहां से प्राप्त हुआ और इसके पीछे किसी गिरोह की भूमिका तो नहीं है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या भड़काऊ सामग्री से दूर रहें। कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
