सीतामढ़ी में जल संसाधन विभाग की योजनाओं की समीक्षा, डीएम रिची पाण्डेय ने दिए आवश्यक निर्देश

0
image_editor_output_image753640259-1772899126580788761863756031727

सीतामढ़ी। जिले में जल संसाधन एवं लघु जल संसाधन विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, तटबंधों के निर्माण तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल सीतामढ़ी एवं रुन्नीसैदपुर ने विभाग के तहत चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस क्रम में बागमती नदी के बाएं और दाएं तटबंधों के उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।


अधिकारियों ने बताया कि तटबंध निर्माण कार्य में बाधा बन रहे वृक्षों को हटाने के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी सीतामढ़ी को प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।


बैठक में जिले में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए नई योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। साथ ही नलकूप योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


सात निश्चय पार्ट-3 के तहत “हर खेत को पानी” कार्यक्रम के अंतर्गत छूटी हुई योजनाओं के सर्वेक्षण की भी समीक्षा की गई। कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि अब तक कुल 85 योजनाओं का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है, जिनमें वियर, चेक डैम, पईन तथा उद्वह (लिफ्ट) सिंचाई योजनाएं शामिल हैं।


इसके अलावा जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत तैयार की गई चार योजनाओं की डीपीआर विभाग को भेजी गई है, जिसकी स्थिति की भी बैठक में समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता बागमती प्रमंडल सीतामढ़ी एवं रुन्नीसैदपुर, कार्यपालक अभियंता लघु जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed