डीएम रिची पाण्डेय ने किया जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल का शुभारंभ

0
image_editor_output_image1972029506-17704017481535953585828246877691

आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान की दिशा में बड़ी पहल


सीतामढ़ी जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान–जीवन आसान” संकल्प को साकार करते हुए जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया।


इस अवसर पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड, अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।


जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे न केवल शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।


इस मौके पर जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल की विशेषताओं की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि अब जिले के नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। पोर्टल के माध्यम से शिकायतकर्ता को शिकायत की प्राप्ति, अग्रेषण और निस्तारण की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी समय-समय पर मिलती रहेगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।


उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह डिजिटल पहल जिले में सुशासन, ई-गवर्नेंस और नागरिक सुविधा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी।


नागरिक जिला जन शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल पर आवेदन करने के लिए इस लिंक का उपयोग कर सकते हैं:
districtsitamarhi.in

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed