शिक्षा और सुविधा की बड़ी पहल: राज्य के 1068 स्कूलों में शुरू होंगे आधार केंद्र

0

Patna: राज्य में शिक्षा और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नए साल से राज्य के 1068 सरकारी स्कूलों में आधार सेवा केंद्र शुरू किए जाएंगे। इसके तहत हर प्रखंड के दो-दो स्कूलों में आधार बनाने और सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी तेज कर दी है और संचालन की जिम्मेदारी एजेंसी को सौंपी जाएगी।


शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूलों में आधार सेवा केंद्र खुलने से राज्य के 40 लाख से अधिक ऐसे बच्चों का आधार बनेगा, जिनके पास अभी तक आधार कार्ड नहीं है। इसके लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) से मंजूरी लेने की प्रक्रिया चल रही है। मंजूरी मिलते ही स्कूलों में आधार सेवा केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।


बताया गया कि इससे पहले भी स्कूलों में बच्चों का आधार आसानी से बनवाने के लिए सेवा केंद्र शुरू किए गए थे, लेकिन UIDAI की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें बंद करना पड़ा था। अब नए सिरे से एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। एक माह के भीतर एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा और चयन के 60 दिनों के अंदर UIDAI से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर आधार सेवा केंद्र चालू कर दिए जाएंगे।


इन केंद्रों पर केवल स्कूल के बच्चे ही नहीं, बल्कि आम लोग भी कम खर्च में आधार बनवा सकेंगे। साथ ही आधार में नाम, पता, जन्मतिथि जैसी सुधार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। स्कूल परिसर में बिजली, कमरे और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से मौजूद होने के कारण संचालन में आसानी होगी।


स्कूलों में आधार केंद्र खुलने से फायदे
स्कूली बच्चों का आधार कार्ड आसानी से बनेगा
आधार से बैंक खाता जुड़ने पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा


आम लोगों को भी नजदीक में आधार बनवाने की सुविधा
विभाग को आधार सत्यापन और जांच में मदद मिलेगी
सरकार का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि डिजिटल इंडिया की दिशा में भी राज्य एक मजबूत कदम आगे बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed