फौकानिया व मौलवी की वार्षिक परीक्षा 19 जनवरी से, दो पालियों में होगा आयोजन
सीतामढ़ी। बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड, पटना की ओर से फौकानिया (मैट्रिक) एवं मौलवी (इंटर) आर्ट्स की वार्षिक परीक्षा वर्ष 2026 के लिए 19 जनवरी से शुरू होकर 25 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। वहीं मौलवी साइंस, कॉमर्स एवं इस्लामियात की परीक्षाएं 19 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक संचालित होंगी। फौकानिया एवं मौलवी दोनों वर्गों की प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षा 27 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।
मदरसा बोर्ड के सचिव अब्दुस सलाम अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त माहौल में कराया जाएगा। इसके लिए बोर्ड द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा केंद्रों पर समुचित व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 1:45 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक दिलशाद मुस्तकीम ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया है कि बोर्ड के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
