Gold-Silver Rate: सोने की कीमतों में तेज़ उछाल
चांदी के दाम एक दिन में 5,800 रुपये बढ़े…
Desk: शादी के सीजन की मजबूत मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी दोनों की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। स्थानीय कारोबारियों की ओर से बढ़ी खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय संकेतों के चलते कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई, जिससे बाजार में रौनक लौट आई है।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, शादी के सीजन में स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की ओर से बढ़ी खरीदारी के बीच सोना 3,500 रुपये बढ़कर 1,28,900 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 3,500 रुपये उछलकर 1,28,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
चांदी की कीमत में तेज उछाल से
सोने की तरह चांदी में भी जोरदार तेजी देखी गई। चांदी 5,800 रुपये बढ़कर 1,60,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। कारोबारियों ने बताया कि शादी-ब्याह के सीजन के शुरुआती दौर में बाजार में रौनक लौट आई है, जिससे कारोबार में तेजी आई है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से भी सोने को सपोर्ट मिला है, क्योंकि कमजोर डॉलर से आमतौर पर सोने जैसे सुरक्षित निवेश वाले एसेट्स की मांग बढ़ जाती है।
