आईएमडी का अलर्ट: 11 जनवरी तक कई राज्यों में भारी बारिश और कड़ाके की ठंड का कहर

0

Weather: देशभर में मौसम एक साथ दो विपरीत रूप दिखा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भीषण ठंड, शीत लहर और घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है, जबकि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है।


आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले 5 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली में शीत लहर और कड़ाके की ठंड का असर ज्यादा रहेगा। कुछ इलाकों में पाला पड़ने की भी आशंका है।


7 से 9 जनवरी के बीच कई राज्यों में शीत लहर चल सकती है, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप 11 जनवरी तक बना रह सकता है। महाराष्ट्र में भी तापमान फिर गिरने की संभावना है, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।


दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण 9 से 11 जनवरी के बीच तमिलनाडु, केरल और माहे में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।


आईएमडी ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed