सांसद खेल महोत्सव का भव्य आगाज़, देवेश चंद्र ठाकुर और पंकज मिश्रा की मौजूदगी में स्टेडियम निर्माण की घोषणा.

Bihar: सीतामढ़ी जिले में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन सांसद देवेश चंद्र ठाकुर एवं विधायक पंकज मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह प्रतियोगिता नगर क्षेत्र के मानिक चौक स्थित हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित की गई, जहां खिलाड़ियों और दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है और इस तरह के आयोजन से ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बनाने की अपील की।
वहीं विधायक पंकज मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से जल्द ही स्टेडियम निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि स्थानीय स्तर पर बेहतर खेल अवसंरचना विकसित हो, ताकि युवाओं को अभ्यास और प्रतियोगिता के लिए बाहर न जाना पड़े।
सांसद खेल महोत्सव के आयोजन से जिले के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और पूरे क्षेत्र में खेलमय माहौल बना हुआ है। आयोजन को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों और आम जनता ने जनप्रतिनिधियों की इस पहल की सराहना की है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,

