IND-SA 2nd Test : सुंदर ने भारत की खराब बल्लेबाजी के बीच पिच पर दिया बयान, आसानी से बनाए जा सकते हैं रन
भारतीय युवा ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने कहा है कि गुवाहाटी की पिच अभी भी बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी है, और अगर इस पर टिक कर बल्लेबाजी की जाए तो आसानी से रन बनाए जा सकते हैं। हालांकि गुवाहाटी टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन इसके बिल्कुल उलट और निराशाजनक रहा। दक्षिण अफ्रीका के 489 रन के जवाब में भारत सिर्फ 201 रन बनाकर आउट हो गया।

बल्लेबाजी में 93 रनों की बेहतरीन पारी खेलने वाले माकर यानसन ने गेंदबाजी में सबसे अधिक छह विकेट लिए और उनकी शॉटर् गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह से घुटने टेक दिए। यानसन ने अपने छह विकेटों में से चार विकेट शॉर्ट गेंदों से हासिल किए। जहां तक गेंद-दर-गेंद का आंकड़ा उपलब्ध है, उसके अनुसार किसी भी विदेशी तेज गेंदबाज ने भारत की धरती पर एक पारी में शॉटर् गेंदों से इतने विकेट नहीं लिए हैं।
यानसन की शॉर्ट गेंदों पर अतिरिक्त उछाल था, जिसने रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल और जसप्रीत बुमराह को अपना शिकार बनाया। ऐसे में यह सवाल लाज़मी है कि जिस पिच को कुलदीप यादव ने गुवाहाटी टेस्ट के दूसरे दिन ‘रोड’ कहा था, क्या वह बदल चुकी है? क्या उस पर अब रन बनाना कठिन हो गया है? लेकिन वॉशिंगटन का मानना है कि पिच अभी भी बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद है।
सुंदर ने कहा, ‘यह पिच मुश्किल नहीं थी। यह बहुत अच्छी पिच थी। भारत में आपको हर दिन ऐसी सतह नहीं मिलती। अगर आप पिच पर समय बिताते हैं, तो रन बनाए जा सकते हैं। साथ ही अगर कोई बल्लेबाज थोड़ा टिक कर बल्लेबाजी करता है तो उसे रन बनाने से रोकना काफ़ी मुश्किल है।’
यानसन को मिल रहे अतिरिक्त उछाल के बारे में वॉशिंगटन ने कहा, ‘पिच बिल्कुल भी असमान नहीं थी। बस वह सबसे लंबे गेंदबाजों में से हैं और उस लेंथ से अतिरिक्त उछाल निकाल लेते हैं। यह बल्लेबाज और गेंदबाज के बीच की लड़ाई है। हमारे और उनके बल्लेबाज अलग हैं, गेंदबाज अलग हैं। कभी हमारे गेंदबाज सात-आठ विकेट ले आते हैं, कभी विपक्षी टीम नहीं ले पाती। कभी बल्लेबाज बहुत अच्छा खेल जाते हैं। यानसन ने आज बेहतरीन गेंदबाजी की।’
