रक्षा मंत्रालय का बड़ा फैसला: 2.38 लाख करोड़ के हथियारों की खरीद मंजूर, S-400 और ड्रोन शामिल
भारत के रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए रक्षा मंत्रालय ने 2.38 लाख करोड़ रुपये के सैन्य उपकरणों और हथियारों की खरीद को मंजूरी दे दी है। यह फैसला रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई रक्षा खरीद परिषद (DAC) की बैठक में लिया गया।
मंजूरी दिए गए प्रस्तावों में S-400 मिसाइल प्रणाली, मध्यम परिवहन विमान, ड्रोन और SU-30 एयरो इंजन की मरम्मत शामिल है। इस फैसले से भारतीय वायुसेना की ताकत और ऑपरेशनल क्षमता में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पुराने AN-32 और IL-76 विमानों को बदलकर नए मध्यम परिवहन विमान शामिल किए जाएंगे। इससे वायुसेना की रणनीतिक और सामरिक हवाई परिवहन क्षमता को और मजबूत किया जाएगा।

वहीं, S-400 एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मनों के लंबी दूरी के हवाई हमलों से देश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों की रक्षा करेगा। इसके अलावा, ड्रोन तकनीक से निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और जवाबी कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि SU-30 एयरो इंजन की मरम्मत से विमानों की उम्र बढ़ेगी और वायुसेना की ऑपरेशनल जरूरतें बेहतर तरीके से पूरी हो सकेंगी।
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब वैश्विक स्तर पर सुरक्षा चुनौतियां बढ़ रही हैं और भारत अपनी रक्षा क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रहा है।

