भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मैच पर सस्पेंस खत्म, पीसीबी ने दिया बड़ा अपडेट
स्पोर्ट्स: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 में होने वाले मुकाबले को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। 15 फरवरी को होने वाला भारत-पाकिस्तान हाई-वोल्टेज मैच रद्द नहीं होगा और पाकिस्तान इस मुकाबले में हिस्सा लेगा।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ खेलने को मंजूरी दे दी है। यह फैसला इस्लामाबाद में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के बीच हुई अहम बैठक के बाद लिया गया। बैठक में टूर्नामेंट से जुड़े सभी विकल्पों पर चर्चा की गई।
टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला पहले से तय था और अब इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ करेगा, जबकि भारत से भिड़ंत 15 फरवरी को कोलंबो में होगी।

इससे पहले खबरें थीं कि पाकिस्तान, बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार कर सकता है। हालांकि अब साफ हो गया है कि पाकिस्तान मैच खेलेगा, लेकिन टीम प्रतीकात्मक विरोध दर्ज करा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतर सकते हैं।
पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया के साथ शामिल है और अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा।
