कदाचार-मुक्त माहौल में इंटर परीक्षा-2026 की शुरुआत, जिले के 64 केंद्रों पर शांतिपूर्ण रहा पहला दिन
सीतामढ़ी: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2026 की शुरुआत शुक्रवार को सीतामढ़ी जिले के सभी 64 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचार-मुक्त माहौल में हुई। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्था के चलते परीक्षा का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
परीक्षा से पूर्व जिलाधिकारी सीतामढ़ी रिची पांडेय ने केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता, जोनल व सुपर जोनल दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया था कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या कदाचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिले में कदाचार-नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए 100 स्टैटिक दंडाधिकारी, 34 उड़नदस्ता दंडाधिकारी, 10 जोनल और 03 सुपर जोनल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, वीडियोग्राफी, प्रवेश द्वार पर सघन जांच की व्यवस्था की गई है। साथ ही केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर साइबर सेल और जिला प्रशासन की कड़ी नजर है। परीक्षा अवधि के दौरान जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, सीतामढ़ी में जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय है।
जिलाधिकारी स्वयं परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 का आयोजन पूरी पारदर्शिता और कदाचार-मुक्त वातावरण में हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को सुरक्षित और निष्पक्ष माहौल मिल सके।

