इंटरमीडिएट टॉपर सम्मान सीतामढ़ी: डीएम ने दी शुभकामनाएं, मेघा सम्मान–सह–पीसीएस मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित
सीतामढ़ी। इंटरमीडिएट टॉपर सम्मान सीतामढ़ी के तहत समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में मेघा सम्मान–सह–पीसीएस मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं और डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, राघोपुर बखरी के विज्ञान एवं कला संकाय के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में डीएम ने छात्रों को सकारात्मक सोच, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करें और स्पष्ट लक्ष्य बनाकर समर्पण के साथ तैयारी करें।
सिविल सेवा की तैयारी कर रहे छात्रों को मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने सेल्फ स्टडी, समय प्रबंधन और सही रणनीति को सफलता के लिए बेहद जरूरी बताया। साथ ही भेड़–चाल से बचते हुए अपनी अलग पहचान बनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, मानसिक मजबूती और समय के सदुपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने की बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
इस दौरान सफल छात्रों को प्रशस्ति पत्र और मेमोंटो देकर सम्मानित किया गया, वहीं उनके अभिभावकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कई पदाधिकारी, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

