अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सीतामढ़ी में विशेष कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से बढ़ रहा जिला

0
image_editor_output_image1466996193-17729881780322377595670375165143

सीतामढ़ी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में महिला सम्मान समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम, जीविका, कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि सीतामढ़ी जिले में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में चुनावों के दौरान महिलाओं की बढ़ती मतदान भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं अब अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अधिक जागरूक हो रही हैं।


जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में लिंगानुपात के मामले में भी सुधार हुआ है, जो समाज में बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लिंग भेदभाव को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है, तभी एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव हो सकेगा।


उन्होंने यह भी बताया कि जीविका के माध्यम से मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका से जोड़ा जा रहा है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। जिला प्रशासन महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed