IRCTC: Tatkal Booking में बड़ी गड़बड़ी, एरर और पेमेंट फेल से परेशान यात्री, सोशल मीडिया पर यूजर्स का फूटा गुस्सा

Indian Railway: भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकटिंग सेवा IRCTC एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर हजारों यूजर्स ने तत्काल (Tatkal) टिकट बुकिंग के दौरान भारी परेशानियों की शिकायत की है। यूजर्स का आरोप है कि टिकट उपलब्ध दिखने के बावजूद भुगतान के समय वेबसाइट और ऐप बार-बार एरर दिखा रहे हैं, जिससे टिकट बुक नहीं हो पा रही है।
कई यात्रियों ने बताया कि उनके खाते से पैसे कट गए, ट्रांजैक्शन “सेटल्ड” दिखा रहा है, लेकिन न तो टिकट बुक हुई और न ही PNR जनरेट हुआ। इससे यात्रियों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ यूजर्स ने इसे सिस्टम फेल्योर और IRCTC की लापरवाही बताया है।

वहीं, कुछ पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आम यात्रियों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि एजेंट बिना किसी परेशानी के टिकट बुक कर ले रहे हैं। डायनामिक चार्ज के नाम पर किराए में कई गुना बढ़ोतरी को लेकर भी नाराजगी देखी गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Tatkal बुकिंग के समय सर्वर पर अत्यधिक लोड के कारण यह समस्या सामने आई। हालांकि, IRCTC की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं आया है। यात्रियों ने मांग की है कि या तो सिस्टम सुधारा जाए या Tatkal व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए।
