टमाटर के दाम में गिरावट: किसान सड़क पर फेंक रहे फसल, सरकार आख़िर कब जागेगी ?
National: महाराष्ट्र के जालना जिले से किसानों की परेशानी की एक गंभीर तस्वीर सामने आई है, जहां टमाटर के गिरते दाम ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया है। धारकल्याण गांव के किसान अमर काकड़े ने करीब एक एकड़ में टमाटर की खेती की, जिस पर 40-45 हजार रुपये खर्च हुए, लेकिन मंडी में उन्हें सिर्फ 4-5 रुपये प्रति किलो का भाव मिला।
इतना कम दाम मिलने से नाराज किसान ने अपनी करीब 25 क्विंटल उपज सड़क पर फेंक दी। किसानों का कहना है कि इस कीमत पर उनकी लागत, मजदूरी और परिवहन खर्च भी नहीं निकल पा रहा है।
किसानों का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और बढ़ी सप्लाई के कारण बाजार में दाम गिर गए हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब किसान सरकार से टमाटर समेत अन्य सब्जियों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय करने और उचित बाजार व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
यह घटना सिर्फ एक किसान की नहीं, बल्कि देशभर के किसानों की पीड़ा को दिखाती है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसानों को उनकी फसल का सही दाम कब मिलेगा और सरकार इस संकट पर कब ठोस कदम उठाएगी?

