शराब तस्करी पर पुलिस का कड़ा प्रहार, सीतामढ़ी के कन्हौली से 180 लीटर नेपाली सौंफी बरामद

सीतामढ़ी ज़िले के कन्हौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी और अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक टेम्पो को रोककर उसकी सघन तलाशी ली, जहां से 180 लीटर नेपाली सौंफी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को अवैध रूप से तस्करी कर लाया जा रहा था, जिसे स्थानीय इलाके में खपाने की योजना थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टेम्पो चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी देने से बचता नजर आया, हालांकि पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बरामद शराब और टेम्पो को जब्त कर थाना लाया है। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में लागू शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और अवैध शराब के धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
