खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से वृद्ध किसान की मौत, गांव में मातम और आक्रोश
सुरसंड (सीतामढ़ी):
सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड अंतर्गत मलाही गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गेहूं के खेत की सिंचाई (पटवन) के दौरान करंट की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान मलाही वार्ड नंबर 8 निवासी मंगल अंसारी के पुत्र नईम अंसारी के रूप में की गई है।
केले के बागान में लगाए गए करंट से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नईम अंसारी अपने खेत में गेहूं की फसल का पटवन कर रहे थे। उनके खेत के बगल में रत्नेश्वर सिंह का लगभग पांच एकड़ में फैला केला का बागान स्थित है। बताया जा रहा है कि बागान की सुरक्षा के लिए चारों ओर बिजली का नंगा तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किया गया था।
पटवन के दौरान नईम अंसारी अनजाने में उसी करंटयुक्त तार के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। खेत में अवैध रूप से करंट लगाए जाने की बात सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सुरसंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नसीम अहमद
