उन्नाव कांड के दोषी कुलदीप सेंगर की मुश्किलें बढ़ीं, सजा निलंबन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में CBI.

0

New Delhi: सीबीआई ने बुधवार को कहा कि वह पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को उन्नाव दुष्कर्म मामले में सुनाई गई आजीवन कारावास के निलंबन और जमानत दिए जाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी।

यह निर्णय 2017 के दुष्कर्म मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेशों का अध्ययन करने के बाद लिया गया है। इस बीच, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात के दौरान उन्हें अपनी तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

प्रेट्र के अनुसार, सीबीआइ के प्रवक्ता ने कहा कि हाई कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ जल्द-से-जल्द सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें सेंगर की आजीवन कारावास की सजा निलंबित करते हुए जमानत दी गई थी। हालांकि, हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद सेंगर जेल में ही रहेंगे, क्योंकि वह दुष्कर्म पीडि़ता के पिता की हिरासत में मृत्यु के मामले में भी 10 साल की सजा काट रहे हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत से आक्रोशित पीडि़ता के परिवार ने बुधवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर न्याय और मदद की गुहार लगाई।


पार्टी सूत्रों ने बताया कि पीड़िता और उनके परिवार ने सुप्रीम कोर्ट में कुलदीप सेंगर के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए एक शीर्ष वकील दिलवाने का अनुरोध किया, जिस पर नेता विपक्ष ने सकारात्मक वादा किया।


पीड़िता की मां ने वर्तमान हालात में परिवार की सुरक्षा और जान पर खतरे की आशंका को देखते हुए किसी कांग्रेस शासित राज्य में रहने की व्यवस्था कराने की बात कही। तीसरा आग्रह पीड़िता के पति ने एक बेहतर नौकरी दिलाने का किया। राहुल गांधी ने इन दोनों अनुरोध पर भी मदद का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed