मदरसा रहमानिया में अकीदत के साथ अदा हुई जुम्मा की नमाज़, अमन-चैन की मांगी गई दुआ
सीतामढ़ी के मेहसौल स्थित मदरसा रहमानिया में पवित्र माहे रमजान के मुकद्दस मौके पर जुम्मा की नमाज़ पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। नमाज़ में बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने शिरकत कर अल्लाह की बारगाह में सजदा किया और मुल्क में अमन, शांति, भाईचारा तथा तरक्की के लिए खास दुआएँ मांगीं।

रमजान की बरकतों और फज़ीलत पर उलेमाओं ने तकरीर करते हुए रोज़े की अहमियत, सब्र, तक़वा और इंसानियत के पैगाम को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रमजान केवल इबादत का महीना नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सामाजिक सौहार्द और जरूरतमंदों की मदद का भी संदेश देता है।

उलेमाओं ने लोगों से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने समाज में शांति और एकता बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति से अपनी जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में खुशहाली की दुआ की। मदरसा परिसर में रूहानी माहौल देखने को मिला, जहां इबादत और इत्तेहाद की मिसाल पेश की गई।

