माहे रमजान के पहले जुमा पर सुन्नी जामा मस्जिद में उमड़ी भीड़
सीतामढ़ी। पवित्र माहे रमजान के पहले जुमा के मौके पर बेला मछपकौनी स्थित सुन्नी जामा मस्जिद में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मस्जिद परिसर में रौनक दिखाई देने लगी थी और दोपहर तक पूरा इलाका इबादत के माहौल में डूबा रहा।
रमजान के पहले जुमा को खास महत्व दिया जाता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में रोजेदार और नमाजी मस्जिद पहुंचे तथा पूरे एहतराम और अकीदत के साथ नमाज अदा की। मस्जिद के इमाम ने अपने बयान में रोजे की फजीलत, सब्र, परहेजगारी और इंसानियत की अहमियत पर प्रकाश डाला।
नमाज के बाद नमाजियों ने देश और दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
मौके पर मस्जिद कमेटी की ओर से साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पहले जुमा के अवसर पर पूरे माहौल में आध्यात्मिक ऊर्जा और भाईचारे की झलक साफ दिखाई दी।

