मेहसौल आरओबी का संयुक्त निरीक्षण, तय समय पर गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश
सीतामढ़ी के बहुप्रतीक्षित मेहसौल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शुक्रवार को माननीय सांसद सीतामढ़ी देवेश चंद्र ठाकुर, स्थानीय विधायक सुनील कुमार पिंटू एवं जिलाधिकारी रिची पांडेय ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और संबंधित निर्माण एजेंसी व पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने कहा कि मेहसौल आरओबी का निर्माण आम लोगों की आवागमन समस्या के स्थायी समाधान से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस परियोजना में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित अवधि के भीतर मानक गुणवत्ता के साथ कार्य को हर हाल में पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य के समय सर्विस रोड को हर हाल में मोटरेबल रखा जाए, ताकि आम जनता को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया।
संयुक्त रूप से दिए गए निर्देश में कहा गया कि मेहसौल आरओबी सीतामढ़ी शहर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे लाखों लोगों को जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी आनंद कुमार, पुल निर्माण निगम लिमिटेड के वरीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
