‘मिशन 1001 प्लस’ महा रक्तदान शिविर को लेकर पुपरी में अनुमंडल स्तरीय बैठक

सीतामढ़ी। पुपरी में आगामी 15 फरवरी (रविवार) को प्रस्तावित ‘मिशन 1001 प्लस’ महा रक्तदान शिविर के सफल आयोजन को लेकर अनुमंडल स्तरीय तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।
यह बैठक Indian Red Cross Society, उप जिला शाखा पुपरी के बैनर तले पुपरी अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित अशोक सम्राट भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार ने की। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम गौरव कुमार ने समाजसेवियों, रक्तवीरों एवं जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस महाअभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान हेतु प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि मिशन को सफल बनाने के लिए अनुमंडल क्षेत्र के सभी छह प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय कार्यान्वयन समिति का गठन किया जाएगा। ये समितियां प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के साथ समन्वय स्थापित कर रक्तवीरों का अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करेंगी।
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान से जुड़ने के इच्छुक कोई भी व्यक्ति बिना संकोच उनसे सीधे संपर्क कर सकता है। बैठक के दौरान उन्होंने रेड क्रॉस पुपरी शाखा के सचिव अतुल कुमार को प्रखंड स्तरीय समिति गठन सहित सभी आवश्यक तैयारियों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा शीघ्र ही रक्तवीरों के पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल और सुचारू होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

बैठक में मुखिया राजन कुमार, पूर्व मुखिया रामस्नेही पांडेय, रेडक्रॉस आजीवन सदस्य रणजीत कुमार मुन्ना, मोहम्मद मोतिउर रहमान आलमगीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे।
अंत में एसडीएम गौरव कुमार ने घोषणा की कि ‘मिशन 1001 प्लस’ महा रक्तदान शिविर का आयोजन 15 फरवरी को पुपरी में किया जाएगा। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदाताओं के पंजीकरण हेतु 500 से अधिक रजिस्ट्रेशन फॉर्म चिन्हित व्यक्तियों के बीच वितरित किए गए।
बैठक में प्रमुख रूप से नगर परिषद उपाध्यक्ष जय प्रकाश, उप प्रमुख मो. मुर्तजा, वली अहमद खान, रणधीर चौधरी, पूर्व मुखिया रामाशंकर साह, रेडक्रॉस उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार, मो. शाकीर हुसैन, डॉ. नवीन कुमार झा, जफरुल्ला खान, सचिन गौरव, पंकज कुमार, धर्मवीर गुप्ता, विजय कुमार पायलट, प्रिंस कुमार, अजय टिबरेवाल, सौरभ अभिषेक, गौतम कुमार, मो. शादाब, मो. सुल्तान हुसैन, रब्बानी आलम, मो. अरशद अली, अश्वनी कुमार, अभिषेक कुमार, रामबिलास प्रसाद, विकास कुमार, राकेश रंजन, रवि वर्मा रॉकी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
