एमपीएल सीजन-9: अजय-11 को 89 रनों से हराकर जलेश्वर (नेपाल) फाइनल में, रमेश सहनी बने मैन ऑफ द मैच

सीतामढ़ी | मधवापुर (मधुबनी)
आरएनजे कॉलेज मैदान, रामपुर, मधवापुर में खेले जा रहे एमपीएल सीजन–9 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जलेश्वर (नेपाल) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अजय-11 (नेपाल) को 89 रनों से करारी शिकस्त दी और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जलेश्वर (नेपाल) की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 204 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से डब्लू मल्लिक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 58 रन बनाए। वहीं अविनाश तिवारी नवाद ने मात्र 12 गेंदों में 41 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें लगातार 5 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा शैलेन्द्र ने 37 रन, राजकुमार ने 30 रन और रवि सिंह ने 24 रनों का योगदान दिया।
अजय-11 (नेपाल) की ओर से गेंदबाजी में नितेश और त्रिपुरारी ने 2-2 विकेट हासिल किए।

204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजय-11 (नेपाल) की टीम जलेश्वर की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15.2 ओवर में मात्र 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अल्तमिश ने सर्वाधिक 40 रन बनाए, जबकि राहुल किशोर ने 19 रन जोड़े। अंकित 18 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए।
जलेश्वर (नेपाल) की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए रमेश सहनी ने 3 विकेट झटके, जबकि नन्हें को 2 सफलता मिली। रवि सिंह और राजीव सदा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए रमेश सहनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच समाप्ति के बाद उन्हें थानाध्यक्ष मधवापुर हर्ष राज, एसआई अरविंद पासवान, समाजसेवी संतोष महतो, हरलाखी एवं एमपीएल आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा मैन ऑफ द मैच मोमेंटो प्रदान किया गया।
अब एमपीएल सीजन-9 का फाइनल मुकाबला
📅 8 जनवरी 2026 (गुरुवार)
⏰ सुबह 10:15 बजे से
🏏 हाजीपुर बनाम जलेश्वर (नेपाल)
के बीच खेला जाएगा।
