एलपीजी गैस सिलेंडर पर नया नियम लागू, अब 25 दिन से पहले दूसरी बुकिंग नहीं
सीतामढ़ी। घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए सरकार ने नया नियम लागू किया है। अब किसी भी उपभोक्ता को एक गैस सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर बुक कराने के लिए कम से कम 25 दिनों का इंतजार करना होगा। यानी यदि किसी उपभोक्ता ने आज सिलेंडर बुक किया है, तो वह 25 दिन पूरे होने से पहले दूसरी बुकिंग नहीं कर पाएगा।
सरकार का कहना है कि इस फैसले का मुख्य उद्देश्य गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाना है। कई बार गैस सप्लाई कम होने की आशंका के कारण कुछ लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर लेते हैं और घरों में स्टोर कर लेते हैं, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पाती।
मंत्रालय के अनुसार इस नए नियम से गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सकेगा। साथ ही गैस की कालाबाजारी करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें, ताकि सभी लोगों तक समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

