उत्तर भारत में मौसम का डबल अटैक: पहाड़ों में भारी बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ेगी ठंड

0
09_21_316049119r28742424424486653703

नई दिल्लीउत्तर भारत में भीषण ठंड के बीच अब बारिश और हिमपात की दोहरी मार पड़ने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि दो पश्चिमी विक्षोभ एक साथ सक्रिय हो गए हैं, जिनका असर आज से देश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।

पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश ठंड को और बढ़ा देगी।
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 11 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हो सकता है। वहीं घाटियों और निचले क्षेत्रों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ सकता है।


मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में 9 फरवरी से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी। सुबह और रात के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रह सकती है।


उत्तर प्रदेश और बिहार में फिलहाल कोहरा और ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में सुबह कोहरा छाया रहेगा। दिन में धूप निकलने से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात की ठंड बनी रहेगी।


आईएमडी ने पर्यटकों और किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी लेने, किसानों को वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार फसल प्रबंधन करने और अचानक तापमान गिरने से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed