परसौनी में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान, बच्चों और युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
सीतामढ़ी: नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर सीतामढ़ी पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सोमवार को परसौनी प्रखंड में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के तहत नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बेलसंड के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने किया।
परसौनी स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, किशोर और युवा शामिल हुए। इस दौरान उन्हें नशे के घातक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। एसडीपीओ ने कहा कि नशा न केवल शरीर और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि पढ़ाई, करियर और पूरे भविष्य को भी बर्बाद कर देता है।

पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में बताया कि नशे की लत किस तरह व्यक्ति, परिवार और समाज को प्रभावित करती है। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और युवाओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का प्रण लिया।
सीतामढ़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा उन्मूलन को लेकर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलाए जाते रहेंगे।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
