पटना जंक्शन पर फिल्मी लूट का खुलासा: पुलिस की वर्दी पहनकर 22.50 लाख उड़ाने वाले दोनों बदमाश 72 घंटे में गिरफ्तार

पटना जंक्शन पर 29 दिसंबर 2025 की रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पुलिस की वर्दी पहनकर आए दो बदमाशों ने 22.50 लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। पीड़ित दीपक कुमार, जो एक ज्वेलरी कारोबारी के लिए काम करते हैं, वैशाली से चांदी के गहने डिलीवर कर नकदी लेकर लौट रहे थे।
स्टेशन पर एक युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बैग की जांच के बहाने उन्हें अलग-अलग प्लेटफॉर्म घुमाया और अंत में एक खाली ट्रेन बोगी में ले जाकर अपने साथी के साथ लूट लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने जांच शुरू की। जीआरपी एसपी इनामुल हक के निर्देशन में गठित टीम ने महज 72 घंटे में मामले का खुलासा कर लिया। पुलिस ने दीपक झा और राजा कुमार को गिरफ्तार कर उनके पास से 19 लाख रुपये बरामद किए।
दोनों आरोपी पटना जंक्शन पर पानी बोतल बेचने की आड़ में वारदात की योजना बनाते थे।
इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने यात्रियों से सतर्क रहने और संदिग्ध लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
