राज्यसभा में राघव चड्ढा ने उठाया खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा, कहा– देश सबसे बड़े स्वास्थ्य संकट से जूझ रहा
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने बुधवार को राज्यसभा में खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावट को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश में शुद्धता के नाम पर लोगों को जहर बेचा जा रहा है। दूध में यूरिया, आइसक्रीम में डिटर्जेंट, सब्जियों में ऑक्सीटोसिन और पनीर में कास्टिक सोडा जैसी खतरनाक मिलावट की जा रही है।
राघव चड्ढा ने बताया कि ऑक्सीटोसिन एक बेहद हानिकारक रसायन है, जिससे चक्कर आना, सिरदर्द, हृदय गति रुकना, बांझपन और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अनजाने में रोज़ ज़हर का सेवन कर रहा है।
आप सांसद ने संसद में दिए अपने भाषण का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट देश का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संकट बन चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूध, मसाले, खाद्य तेल, पैकेटबंद खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थों में हानिकारक रसायन, अत्यधिक चीनी, नमक और संतृप्त वसा मिलाई जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले स्वास्थ्य संबंधी झूठे दावे भी किए जा रहे हैं।
राघव चड्ढा ने कहा कि जांच में 71 प्रतिशत दूध के नमूनों में यूरिया और 64 प्रतिशत में सोडियम बाइकार्बोनेट जैसे न्यूट्रलाइज़र पाए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में जितना दूध बेचा जा रहा है, उतना उत्पादन तो होता ही नहीं है।
इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि देश की दो प्रमुख गरम मसाला कंपनियों पर अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप में कैंसर पैदा करने वाले कीटनाशक पाए जाने के कारण प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन वही मसाले भारत में अब भी खुलेआम बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को मजबूरी में ऐसे उत्पादों का सेवन करना पड़ रहा है।

