गणतंत्र दिवस पर आसमान में दिखेगी ‘सिंदूर’ की शक्ति, वायुसेना का ऐतिहासिक फ्लाईपास्ट
नई दिल्ली।
77वें गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार भारतीय वायुसेना का फ्लाईपास्ट देश की सैन्य ताकत और आधुनिक क्षमता का भव्य प्रदर्शन करेगा। समारोह के दौरान वायुसेना एक विशेष युद्धक फार्मेशन ‘सिंदूर’ पेश करेगी, जिसमें राफेल, सुखोई-30, मिग-29 और जगुआर जैसे ताकतवर लड़ाकू विमान एक साथ उड़ान भरते नजर आएंगे।
इस फ्लाईपास्ट में कुल 29 विमान शामिल होंगे। इनमें चार परिवहन विमान और नौ हेलीकॉप्टर भी होंगे। वायुसेना द्वारा आसमान में सिंदूर, ध्वज, प्रहार, गरुड़, अर्जन, वरुण और वज्रंग जैसे आकर्षक फार्मेशन प्रदर्शित किए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए रोमांचक दृश्य पेश करेंगे।
‘सिंदूर’ फार्मेशन खास तौर पर चर्चा का विषय रहेगा। इसमें दो राफेल जेट, दो मिग-29, दो सुखोई-30 और एक जगुआर लड़ाकू विमान शामिल होंगे। ये सभी विमान हाल ही में अंजाम दिए गए ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा रहे हैं, जिसने भारतीय वायुसेना की रणनीतिक क्षमता को दुनिया के सामने रखा।
फ्लाईपास्ट में शामिल अन्य प्रमुख हवाई प्लेटफॉर्म में उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH), अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर, नौसेना का पी-8आई समुद्री निगरानी विमान और एमआई-17 हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसके तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए गए थे।

भारत सोमवार को अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश और गर्व के साथ मनाएगा। इस अवसर पर होने वाली परेड में सैन्य टुकड़ियां, मिसाइलें और स्वदेशी हथियार प्रणालियां देश की ताकत का प्रदर्शन करेंगी। समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
