सुरसंड में भीषण सड़क हादसा, ऑटो–ट्रक की टक्कर में महिला की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल.

सुरसंड – सीतामढ़ी एनएच-227 पर सुरगहिया गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को ऑटो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार महिला यात्री ईश्वरवती देवी (निवासी हरारी दुलारपुर, वार्ड-3) की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि ऑटो चालक मो. शम्मी मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार के पश्चात सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो व ट्रक को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऑटो चालक के नशे में होने की बात सामने आई है, वहीं वाहन से नेपाली शराब भी बरामद की गई है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह दुर्घटना सुरसंड क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,

