सीतामढ़ी साइबर थाना की बड़ी कामयाबी, ग़लत ट्रांसफ़र के ₹70 हजार पीड़ित को दिलाए वापस.

सीतामढ़ी। जिले में सीतामढ़ी साइबर थाना ने एक बार फिर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। प्राप्त शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए साइबर थाना पुलिस ने गलती से दूसरे व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हुई ₹70,000/- की राशि को सुरक्षित रूप से पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित द्वारा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान अनजाने में ₹70,000 की राशि किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो गई थी। राशि ट्रांसफर होने के बाद पीड़ित ने बिना देर किए साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों से समन्वय स्थापित किया। साइबर थाना की टीम ने मामले की जांच कर ट्रांजैक्शन डिटेल्स का विश्लेषण किया और संबंधित खाते को चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस की तत्परता और सतर्कता के कारण कम समय में ही पूरी राशि को सुरक्षित रूप से रिकवर कर पीड़ित को वापस कर दिया गया।
इस सफल कार्रवाई के बाद पीड़ित ने बिहार पुलिस और साइबर थाना सीतामढ़ी की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
साइबर थाना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन लेन-देन में हुई गलती की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में सीतामढ़ी जिला की साइबर थाना पुलिस लगातार सक्रिय और सजग भूमिका निभा रही।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
