डीएम रिची पांडेय के निर्देश पर सीतामढ़ी में पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 121 पशु बरामद
सीतामढ़ी।
सीतामढ़ी जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध जिला प्रशासन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिलाधिकारी रिची पांडेय को मिली गुप्त सूचना के आधार पर भारत–नेपाल सीमा पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन एवं SSB की 51वीं बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान नेपाल से भारत लाए जा रहे 121 पशुओं को बरामद किया गया, जबकि दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी को नेपाल सीमा क्षेत्र से पशु तस्करी की विश्वसनीय सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत SSB की 51वीं बटालियन को अलर्ट किया और समन्वय बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद परिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हवा बॉर्डर पर संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया, जहां यह बड़ी कामयाबी मिली।
कार्रवाई के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सभी पशुओं को नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कराया जा रहा था। सुरक्षा बलों की सतर्कता और सटीक रणनीति से तस्करी में शामिल संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया जा सका।
इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
