जहर देकर हत्या की आशंका, विवाहिता की संदिग्ध मौत से गांव में मचा हड़कंप
बाजपट्टी/सीतामढ़ी। जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर गांव में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चोरौत थाना क्षेत्र के मौसढ़ी गांव निवासी सत्यनारायण साह की 28 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि मृतका का ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग कंचनपुर पहुंचे। परिजनों ने प्रीति के पति रामबालक साह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका किसी अन्य महिला के साथ अवैध प्रेम संबंध था, जिसका प्रीति लगातार विरोध कर रही थी। इसी विवाद के चलते प्रीति को जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बताया जाता है कि प्रीति तीन मासूम बच्चों की मां थी। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से एक रात पहले घर से चीख-पुकार और शोर-शराबे की आवाजें भी सुनाई दी थीं। हालांकि, भय के कारण कोई भी ग्रामीण कैमरे के सामने कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।

घटना को अंजाम देने के बाद मृतका के पति समेत ससुराल के सभी सदस्य शव को घर में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
