सीतामढ़ी बॉर्डर पर हाई अलर्ट: डीएम रिची पांडेय के सख्त निर्देश, हर गतिविधि पर पैनी नजर
सीतामढ़ी। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सीतामढ़ी जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिले के सीमावर्ती इलाकों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीतामढ़ी एक संवेदनशील सीमावर्ती जिला है, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमा से सटे गांवों और क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद सीमावर्ती इलाकों में चौकसी और बढ़ा दी गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

