दाखिल–खारिज में रिश्वत मांगने पर राजस्व अधिकारी और अमीन निलंबित

0
img-20260220-wa00281100050240562749854

सीतामढ़ी: जमीन के दाखिल–खारिज के बदले रिश्वत मांगने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मिली शिकायत के आधार पर जांच के बाद रुन्नीसैदपुर के राजस्व अधिकारी और बरहेता पंचायत के अमीन को निलंबित कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार, ग्राम मोना, पंचायत बरहेता, प्रखंड रुन्नीसैदपुर निवासी बबलू कुमार ने आरोप लगाया था कि जमीन बंटवारे के दाखिल–खारिज के एवज में उनसे ₹40 हजार की रिश्वत मांगी गई। आरोप रुन्नीसैदपुर के राजस्व अधिकारी विश्वामित्र खैरवार और बरहेता पंचायत के अमीन रूपेश मोचा पर लगाया गया था।


शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने आवेदक और संबंधित अधिकारियों को बुलाकर मामले की जांच कराई। जांच के दौरान आवेदक द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की गई, जिसमें पैसे की मांग से जुड़ी बातचीत सही पाई गई।


आरोपों की पुष्टि होने पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से दोनों कर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। साथ ही दोनों के खिलाफ प्रपत्र “क” गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या अवैध वसूली पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed