सीतामढ़ी डीईओ कार्यालय पहुंचे शिक्षा विभाग के एसीएस बी. राजेन्द्र, शैक्षणिक व्यवस्था की गहन समीक्षा

0
image_editor_output_image-1249075320-17688345895223743348402293091082

सीतामढ़ी। राज्य सरकार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) बी. राजेन्द्र सोमवार को सीतामढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभागीय कार्यप्रणाली, शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन, अभिलेखों के संधारण तथा कार्यालयी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।


निरीक्षण के समय जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ), विभिन्न प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), कार्यालय कर्मी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। एसीएस बी. राजेन्द्र ने कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए फाइलों के निष्पादन की स्थिति, योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट, शिक्षक उपस्थिति, छात्रवृत्ति एवं मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया।

एसीएस ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शैक्षणिक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से विद्यार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, बच्चों की शत-प्रतिशत नामांकन और ड्रॉपआउट दर में कमी लाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में एसीएस ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, कार्यालयी कार्यों में डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग तथा आम जनता से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर डीईओ राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी ने एसीएस को जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों से अवगत कराया। एसीएस बी. राजेन्द्र ने समग्र शिक्षा अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

रिपोर्ट: नसीम अहमद

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed