“सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम में डीएम ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
सीतामढ़ी। बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “सात निश्चय-3” के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” पहल के तहत जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें सीधे डीएम के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड तथा अतिक्रमण से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक और त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम रिची पांडेय ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। इससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज हुई है और प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।
